UP: प्रतापगढ़ दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 384 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में विकास कार्यों के साथ-साथ विपक्षी दलों पर भी तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई नया एजेंडा नहीं बचा है, इसलिए वे समाज को जाति और आस्था के नाम पर बांटने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो कांग्रेस कभी भगवान राम और भगवान कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाती थी, वही आज खुद को आस्था से जोड़ने की कोशिश कर रही है।
राम मंदिर और वक्फ के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में चढ़ावा चोरी के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पहले ही एसआईटी का गठन कर दिया है और सच्चाई सामने लाई जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस मुद्दे के बहाने हिंदू आस्था को निशाना बनाने का प्रयास कर रहा है। साथ ही उन्होंने वक्फ की जमीनों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गरीबों और जरूरतमंदों के हित में इस्तेमाल होने वाली जमीनों पर हुए कथित कब्जों को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस कभी सवाल नहीं उठातीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब धार्मिक परंपराओं और आस्थाओं से जुड़े मामलों पर विवाद हुआ या रामभक्तों पर गोली चली, तब भी विपक्ष ने चुप्पी साधे रखी।
प्रतापगढ़ के विकास और बदली तस्वीर का किया उल्लेख
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रतापगढ़ की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह जिला स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास का साक्षी रहा है और कई महान विभूतियों की कर्मभूमि भी है। उन्होंने कहा कि कभी पिछड़े जिलों में गिने जाने वाला प्रतापगढ़ अब तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मेडिकल कॉलेज के निर्माण के बाद अब यहां नर्सिंग कॉलेज की आधारशिला रखी जा रही है। इसके अलावा गंगा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं से जिले की कनेक्टिविटी मजबूत होने का दावा भी उन्होंने किया।
2017 से पहले और अब की स्थिति का किया तुलना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे थे, युवाओं को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ता था और महिलाओं की सुरक्षा भी बड़ी चुनौती थी। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने कानून-व्यवस्था मजबूत करने के साथ विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि पहले ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ जैसी स्थिति थी, जबकि अब सरकार ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ की सोच के साथ आगे बढ़ रही है।
रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का किया दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने बिना किसी भेदभाव के गरीबों को आवास, मुफ्त इलाज और उज्ज्वला योजना जैसी सुविधाओं का लाभ पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में पुलिस भर्ती में प्रतापगढ़ के युवाओं को भी अवसर मिला है और विभिन्न आयोगों की भर्ती प्रक्रियाओं में जिले के अभ्यर्थी सफल हो रहे हैं। योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के समय नौकरियों में पारदर्शिता नहीं थी और भर्ती प्रक्रिया पर कुछ खास लोगों का प्रभाव रहता था। उन्होंने कहा कि अब मेरिट के आधार पर युवाओं को अवसर मिल रहे हैं, जिससे उत्तर प्रदेश विकास और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































