गोरखपुर, 15 जून। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. अजय कुमार शुक्ल ने मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर (MMTTC) के निदेशक पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने यह दायित्व प्रो. चन्द्रशेखर से ग्रहण किया।
मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की एक महत्त्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के शिक्षकों के ज्ञान, कौशल, शिक्षण दक्षता, शोध क्षमता तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। केंद्र के माध्यम से फैकल्टी इंडक्शन प्रोग्राम, रिफ्रेशर कोर्स, शॉर्ट टर्म कोर्स, ओरिएंटेशन कार्यक्रम तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी 2020) से संबंधित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनसे देश के विभिन्न राज्यों के हजारों शिक्षक लाभान्वित होते हैं।
प्रो. शुक्ल को उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में 28 वर्षों से अधिक का समृद्ध अनुभव प्राप्त है। वर्ष 2013 से प्रोफेसर के रूप में कार्यरत प्रो. शुक्ल ने अंग्रेजी साहित्य, शोध पद्धति, अकादमिक सत्यनिष्ठा, डिजिटल शिक्षा तथा शिक्षक प्रशिक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
उन्होंने अब तक 17 शोधार्थियों को पीएच.डी. उपाधि दिलाने में मार्गदर्शन प्रदान किया है तथा अनेक शोधार्थी वर्तमान में उनके निर्देशन में शोध कार्य कर रहे हैं। प्रो. शुक्ल द्वारा 11 पुस्तकों का लेखन एवं संपादन किया जा चुका है तथा उनके 50 से अधिक शोधपत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।
Also Read: UP: लखनऊ में 15 वर्षीय दिव्यांग किशोरी से गैंगरेप, 24 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
प्रो. शुक्ल की पहचान केवल एक शिक्षक और शोध निर्देशक के रूप में ही नहीं, बल्कि एक सक्रिय शिक्षाविद् और अकादमिक प्रशासक के रूप में भी है। वे अनेक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं के संपादकीय एवं सलाहकार मंडलों के सदस्य हैं। इसके अतिरिक्त वे देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों की बोर्ड ऑफ स्टडीज़, शोध उपाधि समिति (RDC), पाठ्यक्रम विकास समितियों तथा अन्य शैक्षणिक निकायों में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। शिक्षा, शोध, साहित्य और अकादमिक नेतृत्व के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें अनेक राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों एवं सम्मानों से अलंकृत किया जा चुका है।
देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शिक्षक प्रशिक्षण केंद्रों में वे एक प्रतिष्ठित वक्ता एवं रिसोर्स पर्सन के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने 150 से अधिक व्याख्यान, फैकल्टी इंडक्शन प्रोग्राम, रिफ्रेशर कोर्स, ओरिएंटेशन कार्यक्रमों एवं राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में मुख्य वक्ता के रूप में सहभागिता की है। उनके व्याख्यान लखनऊ विश्वविद्यालय, सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ गुजरात, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर, जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर, डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों में आयोजित हुए हैं।
प्रो. शुक्ल डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। उनका लोकप्रिय यूट्यूब चैनल “इंग्लिश लिटरेचर पाठशाला ” विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध करा रहा है।
इस अवसर पर प्रो. अजय कुमार शुक्ल ने कहा कि वे विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो पूनम टंडन के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कुलपति की परिकल्पना के अनुरूप केंद्र शिक्षक प्रशिक्षण, शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध उत्कृष्टता, नवाचार तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक सशक्त मंच के रूप में कार्य करेगा। उनका लक्ष्य देशभर के शिक्षकों के ज्ञान, कौशल और नेतृत्व क्षमता के विकास हेतु केंद्र को उत्कृष्टता के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों एवं शुभचिंतकों ने प्रो. अजय कुमार शुक्ल को इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































