रायबरेली: न्यायालय देय के बकायेदारों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में तहसील सदर क्षेत्र के विभिन्न बकायेदारों की संपत्तियों की कुर्की और नीलामी की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। प्रशासन द्वारा उठाये जा रहे इन कड़े कदमों से बकायेदारों में हड़कंप मच गया है। उपजिलाधिकारी सदर गौतम सिंह ने सर्वसाधारण को औपचारिक रूप से सूचित किया है कि न्यायालय देय के बकायेदारों पर बकाया राशि की वसूली को लेकर सार्वजनिक नीलामी का कार्यक्रम तय किया गया है।
प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, बकायेदारों में छेदी लाल पुत्र विष्णु प्रसाद निवासी- अनंत मजरे मरदानपुर व टेरी मनिया टीकर, मनोज कुमार पासी पुत्र गुरुचरन निवासी- कोन्सा तथा नौशाद पुत्र वशीर अहमद निवासी- रसेहता, परगना व तहसील सदर, जिला रायबरेली शामिल हैं। इन सभी की अचल संपत्तियों/भूमि की सार्वजनिक नीलामी आगामी 07 अक्टूबर 2026 को समय प्रातः 10:00 बजे तहसील परिसर स्थित नायब तहसीलदार पश्चिमी/नीलाम अधिकारी कक्ष में निर्धारित की गई है।
Also Read: 16 घंटे से अंधेरे में 260 गांव! UP के इस जिले में बारिश के बाद बिजली व्यवस्था ध्वस्त
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो भी इच्छुक बोलीदाता या नागरिक इस नीलामी प्रक्रिया में भाग लेना चाहते हैं, वे निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर नियमानुसार प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके अलावा, नीलामी से संबंधित समस्त नियम, शर्तें एवं अन्य विस्तृत विवरण संबंधित तहसील कार्यालय से किसी भी कार्यदिवस में प्राप्त किए जा सकते हैं। इस बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई से राजस्व वसूली के मामलों में तेजी आने की उम्मीद है।














