UP: बरेली मीरगंज क्षेत्र में रामगंगा नदी का कटान लगातार जारी है। नदी अब खेतों को काटते हुए धीरे-धीरे गांवों की ओर बढ़ रही है। कटान से चिंतित त्रिकुनिया गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को रामगंगा के किनारे पहुंचकर पूजा-अर्चना की। ग्रामीणों ने नदी के विकराल रूप को शांत करने और आगे कटान रोकने की प्रार्थना की।
ग्रामीणों का कहना है कि इस बार रामगंगा में आई बाढ़ और जलस्तर बढ़ने से उनकी गन्ने और धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है। नदी के तेज बहाव के कारण बड़ी मात्रा में खेत कटकर नदी में समा गए। इससे किसानों की सालभर की मेहनत और कमाई पानी में चली गई। खेतों के कटान के कारण ग्रामीणों के सामने अब आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि नदी का कटान लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले खेत इसकी चपेट में आए और अब कटान गांव की ओर बढ़ रहा है। इससे ग्रामीणों को भविष्य में घरों और आबादी पर भी खतरा मंडराने की चिंता सताने लगी है। मंगलवार को ग्रामीणों ने एकत्र होकर विधि-विधान से रामगंगा की पूजा की और नदी के शांत होने की कामना की।
ग्रामीणों ने गंगा से प्रार्थना करते हुए कहा कि नदी अब और कटान न करे और उनके खेत व गांव सुरक्षित रहें। ग्रामीणों ने प्रशासन से भी कटान रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने और प्रभावित किसानों को नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है। कटान जारी रहने से क्षेत्र के किसानों में चिंता बनी हुई है।














