चंदौली: पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के तथागत विहार न्यू सारनाथ, मिल्कीपुर में चल रहे धरने को बुधवार को एक वर्ष पूरा हो गया। धरने की वर्षगांठ के अवसर पर आयोजकों की ओर से शांति मार्च निकाला गया। बुधवार की सुबह करीब 9:30 बजे टेंगरा मोड़ से तथागत विहार तक निकाले गए शांति मार्च में विहार की कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ उपासक, श्रद्धालु और अन्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में बुद्ध विहार सारनाथ के पूज्य थेरो चंद्रमा भंते जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
शांति मार्च के माध्यम से तथागत विहार के अधिग्रहण के विरोध में अपनी मांगों को सामने रखा गया। आयोजकों का कहना है कि तथागत विहार चैरिटेबल ट्रस्ट परिसर में बौद्ध धर्म से जुड़े महत्वपूर्ण स्थल हैं। यहां विपश्यना केंद्र, अशोक स्तंभ के साथ बड़ी संख्या में पेड़-पौधे हैं। उनका आरोप है कि बंदरगाह परियोजना के नाम पर विहार का अधिग्रहण किए जाने की प्रक्रिया चल रही है, जिसका वे विरोध कर रहे हैं।
Also Read: बलिया में सपा प्रदेश अध्यक्ष ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची पर उठाए सवाल
तथागत विहार चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष अमरीश कुशवाहा ने कहा कि अधिग्रहण के विरोध में एक वर्ष से धरना दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय सांसद, विधायक समेत कई लोग धरना स्थल पर पहुंच चुके हैं, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई ठोस आश्वासन या कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांग पूरी होने तक धरना जारी रहेगा। आयोजकों की ओर से अध्यक्ष अमरेश प्रसाद कुशवाहा और महामंत्री विद्याधर अखिलेश सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने लोगों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की।














