पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनके आसपास के इलाकों में आज सुरक्षा अलर्ट जारी है। मोहाली के फोर्टिस अस्पताल को दोपहर 1:11 बजे बम धमकी मिली, जिसमें CM मान को पोलोनियम से संक्रमित करने की धमकी दी गई। धमकी में कहा गया कि अगर वह बच गए, तो उनका हाल पूर्व CM बेअंत सिंह जैसा होगा।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को जान से मारने की धमकी दी गई है। खालिस्तान समर्थक संगठन, खालिस्तान नेशनल आर्मी ने प्रशासन को ईमेल भेजकर धमकी दी कि CM मान को भाई दिलावर सिंह के वारिसों ने पोलोनियम से संक्रमित किया है। अगर वे बच गए तो उनका पंजाब के पूर्व सीएम बेअंत सिंह जैसा हाल करेंगे।
सीएम मान मोहाली के फोर्टिस हॉस्पिटल में एडमिट हैं। खालिस्तान नेशनल आर्मी ने इस अस्पताल समेत 16 स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी।मोहाली के SP सिटी दिलप्रीत सिंह ने ईमेल की पुष्टि की है। एसपी का कहना है कि धमकी भरा ईमेल आया है। हम सभी चीजों को वैरिफाई कर रहे हैं। मुख्यमंत्री फोर्टिस हॉस्पिटल में एडमिट हैं। अस्पताल की अच्छी तरह से जांच की गई है। सब सेफ है। सीनियर्स के अगले आदेश तक फोर्स को हॉस्पिटल में तैनात रखा जाएगा।
SP दिलप्रीत सिंह ने बताया कि मेल में ब्लास्ट का टाइम दोपहर 1.11 बजे दिया गया, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। सुबह साढ़े 7 बजे थ्रेट मेल मिलते ही फोर्टिस अस्पताल और स्कूलों की जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली लेकिन चांस नहीं लिया जा सकता।
CM मान को जिस पोलोनियम केमिकल देने की बात सामने आई है, वह दुर्लभ रेडियोएक्टिव पदार्थ है। यह बहुत जहरीला होता है। हालांकि, CM को पोलोनियम से संक्रमित कब, कहां और कैसे किया गया, खालिस्तान नेशनल आर्मी की मेल में इसका कोई जिक्र नहीं है। CM मान रविवार को ब्लड प्रेशर बढ़ने पर मोहाली फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हुए थे। फिर सोमवार को डिस्चार्ज होकर मोगा में AAP सरकार की नशा विरोधी रैली में हिस्सा लेने गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मोगा में सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्हें सोमवार शाम करीब 5 बजे उन्हें फिर मोहाली फोर्टिस में भर्ती कराया गया था। अस्पताल ने उनकी सेहत को लेकर कोई बुलेटिन जारी नहीं किया।
Also read:गोंडा में HDFC बैंक एटीएम में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से लगी आग, दमकल ने काबू पाया
धमकी भरे ई-मेल में क्या लिखा
हंटर फार्ले के नाम से जीमेल के जरिए भेजे ई-मेल में पंजाब को खालिस्तान बताते हुए कहा गया है अपने बच्चे बचा लो और मोहाली के स्कूल बंद रखो। मेल में लिखा गया है कि यह खालिस्तान रेफरेंडम वालों को गैंगस्टर बताकर उनका एनकाउंटर लेने का बदला है। मेल के अंत में खालिस्तान नेशनल आर्मी का नाम लिखा है। इसके साथ इंजीनियर गुरनाख सिंह, रुकन शाहवाला, डॉ. गुरनिरवीर सिंह और खान राजादा का जिक्र है। हालांकि इससे पहले भी कई बार अमृतसर, जालंधर, पटियाला, मोहाली और चंडीगढ़ के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई, लेकिन हर बार यह खोखली निकलीं। इस बार स्कूलों के साथ CM भगवंत मान को लेकर भी धमकी दी गई।
दिलावर सिंह कौन है?
ई-मेल में जिनका जिक्र किया गया है, उनका नाम दिलावर सिंह बब्बर है, उसे जयसिंहवाला भी कहा जाता है। 18 अगस्त 1970 को जन्मे और 1995 में पंजाब पुलिस में कॉन्स्टेबल बने दिलावर सिंह 13 अगस्त 1995 को चंडीगढ़ स्थित पंजाब सिविल सचिवालय के बाहर हुए आत्मघाती विस्फोट में भी शामिल रहा। इस विस्फोट में तत्कालीन CM बेअंत सिंह समेत कई लोगों की जान चली गई थी। 2012 में उन्हें श्री अकाल तख्त ने राष्ट्रीय शहीद का दर्जा दिया।
INPUT-ANANYA MISHRA









































