वाराणसी: काशी घूमने आए भारतीय सेना के एक अधिकारी ने दो पुलिसकर्मियों पर अपने और परिवार के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया है। अधिकारी के मुताबिक, वह मंगलवार शाम परिवार के 10 सदस्यों के साथ फिल्म देखने जा रहे थे। इसी दौरान सादे कपड़ों में पहुंचे दो पुलिसकर्मियों ने उनके रिक्शे को धक्का दे दिया। विरोध करने पर कथित तौर पर गाली-गलौज और अभद्रता की गई। घटना से नाराज अधिकारी परिवार के साथ सड़क पर बैठ गए और आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
फिल्म देखने जा रहा था परिवार
सेना अधिकारी ने बताया कि उन्होंने परिवार के साथ नीम करोली बाबा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखने के लिए मंगलवार शाम 6:30 बजे का शो बुक किया था। सिनेमा हॉल घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर था। परिवार रिक्शे से जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान सादे कपड़ों में पहुंचे दो पुलिसकर्मियों ने रिक्शे को धक्का दे दिया।अधिकारी के मुताबिक, रिक्शे में उनकी 70 वर्षीय मां भी बैठी थीं, जिन्हें धक्का लगने से चोट आई। जब उन्होंने पुलिसकर्मियों से रिक्शे को धक्का देने का कारण पूछा तो कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की गई। अधिPकारी ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और उनका कॉलर तक पकड़ लिया।
थाने में भी नहीं निकला समाधान
अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी स्थानीय थाने को दी गई। करीब 15 से 20 मिनट तक बातचीत के बावजूद कोई संतोषजनक समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद उन्होंने परिवार के साथ सड़क पर बैठकर विरोध जताने का फैसला किया। अधिकारी ने कहा कि उनके पास पूरी घटना का वीडियो साक्ष्य मौजूद है।
कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे अधिकारी
सेना अधिकारी ने अपना नाम और वर्तमान पोस्टिंग का स्थान बताने से इनकार किया। उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि वीडियो साक्ष्य उपलब्ध कराने के बाद प्रशासन को मामले में उचित कार्रवाई करते हुए परिवार को न्याय दिलाना चाहिए।अधिकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात स्थानीय पुलिसकर्मियों ने समझा-बुझाकर उन्हें परिवार समेत सड़क से हटा दिया। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।



