रायबरेली ने सहकारिता क्षेत्र में रचा इतिहास, देश की पहली रेहड़ी-पटरी समिति के गठन पर बैंक अध्यक्ष विवेक विक्रम सिंह सम्मानित

 

रायबरेली : सहकारिता के क्षेत्र में रायबरेली जनपद के नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई है. जिला सहकारी बैंक रायबरेली द्वारा देश की पहली ‘रेहड़ी-पटरी सहकारी समिति’ का गठन किया गया है. इस अनूठे नवाचार के लिए लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय सहकारिता सम्मेलन में बैंक के अध्यक्ष विवेक विक्रम सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.

लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘नवाचार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक एवं सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने जिला सहकारी बैंक रायबरेली के इस प्रयास को पूरे देश के लिए अनुकरणीय बताया. दोनों मंत्रियों ने संयुक्त रूप से बैंक अध्यक्ष विवेक विक्रम सिंह को मंच पर सम्मानित करते हुए उनकी पीठ थपथपाई.

सूदखोरी से मिलेगी मुक्ति, मजबूत होगी छोटे व्यवसायियों की आर्थिक स्थिति

समारोह को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को सहकारिता से जोड़ना एक क्रांतिकारी कदम है. जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष विवेक विक्रम सिंह ने बताया कि इस समिति के गठन का मुख्य उद्देश्य पटरी दुकानदारों, ठेला लगाने वालों और छोटे ग्रासरूट व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है. अब इन्हें अपनी कार्यशील पूंजी के लिए सूदखोरों के चंगुल में नहीं फंसना पड़ेगा. बैंक इन्हें आसान शर्तों पर ऋण और अन्य सहकारिता योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाएगा.

Also Read: ‘जमीन खाने के मामले में सैफई परिवार का पुराना रिकॉर्ड और अनुभव…’, ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना

सहकारिता क्षेत्र में देश का रोल मॉडल बनेगा जिला

कार्यक्रम में मौजूद विभागीय अधिकारियों ने माना कि रायबरेली जिला सहकारी बैंक का यह प्रयोग देश की सहकारिता को एक नई दिशा देगा. इस उपलब्धि पर जनपद के सहकारिता जगत, बैंक पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अध्यक्ष को बधाई दी है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)