मिर्जापुर के पुष्पराज सिंह का IAS में चयन, लालगंज में जश्न और गौरव का माहौल

मिर्जापुर: भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय की ओर से जारी वर्ष 2025 की राज्य सिविल सेवा (एससीएस) चयन सूची में मिर्जापुर जिले के लालगंज तहसील निवासी पुष्पराज सिंह का भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के लिए चयन होने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई. चयन सूची में तीसरा स्थान मिलने की सूचना के बाद लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया.

शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने कहा कि पुष्पराज सिंह की सफलता लालगंज ही नहीं, पूरे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है. उनका कहना था कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर देश की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवा तक पहुंचना यह साबित करता है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. इससे छात्र-छात्राओं में प्रशासनिक सेवाओं के प्रति रुचि बढ़ेगी और क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी.

Also Read: ‘जमीन खाने के मामले में सैफई परिवार का पुराना रिकॉर्ड और अनुभव…’, ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना

बापू उपरौध इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. धर्मजीत सिंह, प्रबंधक कृष्णकांत दूबे, भाजपा नेता जयप्रकाश उपाध्याय, पूर्व प्रमुख जय सिंह, पूर्व प्रमुख नरेंद्र गिरी, प्रमुख जयंत कुमार, सपा नेता श्याम नारायण यादव, अपना दल शिक्षक मंच के लाल बहादुर सिंह, अपना दल के राष्ट्रीय महासचिव रमाशंकर पटेल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशिभूषण दूबे, बसपा के वरिष्ठ नेता धनेश्वर गौतम तथा अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद मौर्य सहित अनेक लोगों ने पुष्पराज सिंह को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल प्रशासनिक जीवन की कामना की. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे लालगंज क्षेत्र के लिए सम्मान, प्रेरणा और गर्व का विषय है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)