UP: डीएम खुद मैदान में, जलभराव पर युद्धस्तर पर कार्रवाई, 100 से अधिक पंपसेटों से निकाला जा रहा पानी

इटावा: लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर में पैदा हुए जलभराव संकट को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल स्वयं गुरुवार को सड़कों पर उतरे और शहर के विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश देते हुए प्रभावित इलाकों से पानी निकालने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू कराया।

जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका परिषद ने शिव कॉलोनी, सराय दयानत, मुंशी का अड्डा, राहतपुरा, विजय नगर, गांधी नगर, पक्का बाग, कृष्णा नगर, शांति कॉलोनी, करमगंज, फ्रेंड्स कॉलोनी और तुलसी नगर सहित कई क्षेत्रों में 100 से अधिक पंपसेट लगाकर जल निकासी का कार्य शुरू कर दिया है। विजय नगर और शांति कॉलोनी में बड़े पंपों की मदद से पानी को एनएच सर्विस रोड के माध्यम से पचौरी नाले में छोड़ा जा रहा है। वहीं शांति कॉलोनी में पक्के नाले के निर्माण कार्य को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

Also Read: चंदौली: डीडीयू जंक्शन से बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए उमड़ा आस्था का सैलाब, ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजा स्टेशन

निरीक्षण के दौरान डीएम ने नालों और नालियों में बने अवरोधों को तत्काल हटवाया, जिससे जल प्रवाह सुचारु हो सका। उन्होंने बारिश के बाद फैलने वाली संक्रामक बीमारियों की आशंका को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में चूना, ब्लीचिंग पाउडर और एंटी-लार्वा दवाओं के छिड़काव के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने सफाई नायकों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया जा रहा है। डीएम ने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि जब तक शहर के सभी प्रभावित क्षेत्रों से जलभराव पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता, तब तक राहत और बचाव कार्य लगातार जारी रहेगा।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)