रायबरेली : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली के सांसद राहुल गांधी के एक ‘विस्फोटक’ बयान ने यूपी के सियासी पारे को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर दिए गए राहुल के एक बयान पर अब भाजपा पूरी तरह ‘लाल’ हो चुकी है। राहुल गांधी को उनके ही संसदीय क्षेत्र में घेरने के लिए भाजपाइयों ने शुक्रवार को सदर कोतवाली में धावा बोल दिया और उनके खिलाफ तहरीर देकर जोरदार एक्शन की मांग कर डाली।
‘लोधवारी’ से छूटा सियासी तीर, दहल उठी भाजपा!
मामला 19 और 20 मई का है, जब राहुल गांधी अपने दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली और अमेठी की नब्ज टटोलने पहुंचे थे। चिलचिलाती धूप में सियासी तपिश तब और बढ़ गई, जब 20 मई को लोधवारी गांव के एक कार्यक्रम में राहुल गांधी का माइक गूंजा। आरोप है कि अपने धुआंधार संबोधन में राहुल गांधी ने मर्यादा की दीवार लांघते हुए प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और आरएसएस के लिए सीधे ‘गद्दार’ शब्द का इस्तेमाल कर दिया।
बस फिर क्या था! राहुल का यह तीर सीधे भाजपा के कलेजे में जा धंसा। इस तीखे बयान की गूंज दिल्ली तक सुनाई दी और स्थानीय भाजपाइयों का खून खौल उठा।
कोतवाली में भाजपाइयों का ‘हल्ला बोल’
शुक्रवार शाम ठीक 3 बजे रायबरेली की सदर कोतवाली का नजारा देखने लायक था। भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धीलाल पासी के नेतृत्व में भगवा खेमे का एक भारी-भरकम प्रतिनिधिमंडल गुस्से में तमतमाता हुआ कोतवाली प्रभारी के कमरे में जा घुसा। भाजपाइयों ने राहुल गांधी के खिलाफ एक तीखी तहरीर पुलिस के हाथ में थमाई और साफ कहा कि अब पानी सिर से ऊपर जा चुका है, कार्रवाई तो होकर रहेगी!राहुल गांधी की यह टिप्पणी सिर्फ एक या दो नेताओं का अपमान नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों की भावनाओं पर सीधा प्रहार है। यह राष्ट्रीय अस्मिता के खिलाफ किया गया एक गंभीर और अमर्यादित आचरण है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Also Read : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ FIR दर्ज, पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी का मामला
अब पुलिस के पाले में गेंद : क्या दर्ज होगी FIR?
राहुल गांधी के इस ‘गद्दार’ वाले बयान ने रायबरेली की शांत सियासत में बारूद भरने का काम किया है। भाजपाइयों के इस कड़े रुख के बाद अब सबकी नजरें खाकी पर टिकी हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह ने फूंक-फूंक कर कदम बढ़ाना शुरू कर दिया है। उन्होंने मीडिया को बताया कि भाजपाइयों की तरफ से तहरीर मिल चुकी है। फिलहाल पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है, और जांच की रिपोर्ट आते ही राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कानूनी हंटर चलाया जाएगा।
अब देखना दिलचस्प होगा कि अपनों के बीच ‘गद्दार’ वाले बयान पर घिरे राहुल गांधी इस सियासी चक्रव्यूह से बाहर निकलने के लिए क्या नया दांव खेलते हैं!













































