बाराबंकी में लगातार तीसरे दिन बारिश, किसानों की पकी धान की फसल को भारी नुकसान, कई गांवों में 24 घंटे से बिजली गुल

बाराबंकी: बंगाल की खाड़ी में बने गहन अवदाब के प्रभाव से बाराबंकी जिले में लगातार तीसरे दिन शनिवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। रामनगर तहसील क्षेत्र में तेज हवा के साथ रुक-रुककर हो रही बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से निकल रहे हैं। जिलाधिकारी ने भी मौसम को देखते हुए जिलेवासियों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

लगातार बारिश और हवा का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ा है। रामनगर तहसील क्षेत्र की सैकड़ों ग्राम पंचायतों में खेतों में लहलहा रही धान की पकी फसल बारिश और तेज हवा के कारण खेतों में गिर गई है। फसल गिरने के बाद खेतों में पानी भरने से उसके खराब होने की आशंका बढ़ गई है। तराई क्षेत्र में भी अब बारिश का असर दिखाई देने लगा है। मौसम की मार से अन्नदाता के चेहरे पर मायूसी साफ नजर आ रही है।

Also Read: Bijnor में किसानों का प्रदर्शन, गन्ने का दाम ₹800 कुंतल करने की मांग

किसानों का कहना है कि कर्ज और अपनी जमा पूंजी लगाकर फसल तैयार करने के बाद प्राकृतिक आपदा उनकी मेहनत पर पानी फेर देती है। किसानों की मांग है कि फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। हालांकि किसान बाबू लाल,देव कुमार,महेश,त्रिवेणी,कृष्ण कुमार आदि का कहना है कि मुआवजा मिलने के बाद भी उनकी पूरी लागत और मेहनत की भरपाई मुश्किल है।

बारिश और तेज हवा से कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। बिजली व्यवस्था प्रभावित होने से कई गांवों में करीब 24 घंटे से आपूर्ति बाधित है। लगातार बारिश के कारण पशु-पक्षी भी परेशान हैं। लाल मुंह वाले बंदर समेत कई पशु बारिश और ठंड से बचने के लिए लोगों के घरों व छतों की शरण लेते दिखाई दे रहे हैं। तहसील प्रशासन ने लोगों को मौसम को लेकर अलर्ट किया है। प्रशासन ने अपील की है कि अत्यंत जरूरी कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें और खराब मौसम में सुरक्षित स्थान पर रहें।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)