मिर्ज़ापुर: जिले में बारिश का कहर लगातार जारी होने से गरीब और कच्चे मकानों में जीवन गुजारने को विवश ग्रामीणों की जान पर आ बनी है। कच्चे मकानों के लिए काल साबित हो रहे हैं। लालगंज कोतवाली अन्तर्गत बरौंधा पुलिस चौकी क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से जमीन में सीलन बढ़ने के कारण बीती देर रात 19 अगस्त 2026 को निबावल गांव की कोल बस्ती में कच्चा मकान भरभराकर गिर गया।
मामले से जुड़ी जानकारी
मलबे में दबने से घर में सो रही 45 वर्षीय आशा देवी पत्नी लाल बिहारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर गुरुवार सुबह तहसीलदार लालगंज विशाल कुमार शर्मा, बीडीओ हलिया विमल प्रकाश पांडेय और बरौंधा चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
ALSO READ: UP: मुरादाबाद में रामगंगा का जलस्तर बढ़ा, बाढ़ के खतरे को लेकर प्रशासन सतर्क
तहसीलदार ने मृतका के पति को पारिवारिक लाभ योजना का लाभ दिलाने का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने परिवार को आवास दिलाने की मांग की है। प्रधान प्रतिनिधि ताराशंकर पाल ने बताया कि आशा देवी को वर्ष 2011 में इंदिरा आवास स्वीकृत हुआ था, लेकिन आवास पूरा नहीं हो सका।इसके चलते दंपती कच्चे मकान में रहने को मजबूर थे। ग्रामीणों का कहना है कि यदि परिवार को पक्की छत मिल गई होती तो शायद आशा देवी की जान नहीं जाती। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































