भीषण गर्मी से राहत: रायबरेली जिला न्यायालय में मई-जून के लिए मॉर्निंग कोर्ट लागू, दोपहर तक निपटेंगे काम

रायबरेली : जनपद में बढ़ती तपिश और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला न्यायालय के कामकाज के समय में बड़ा बदलाव किया गया है। जनपद न्यायाधीश अमित पाल सिंह ने आदेश जारी करते हुए बताया कि मई और जून के महीने में अब अदालतें सुबह की पाली (मॉर्निंग कोर्ट) में संचालित होंगी।

न्यायालय के पारंपरिक नियमों और बार एसोसिएशन की ओर से भीषण गर्मी के मद्देनजर किए गए अनुरोध को स्वीकार करते हुए यह निर्णय लिया गया है। वकीलों और वादकारियों को चिलचिलाती धूप से बचाने के लिए 1 मई 2026 से 30 जून 2026 तक नया समय प्रभावी रहेगा।

नए आदेश के मुताबिक, आगामी 1 मई 2026 से 30 जून 2026 तक जनपद न्यायपालिका के सभी न्यायालय और कार्यालय सुबह की पाली में संचालित होंगे। इस दौरान अदालती कार्यवाही सुबह 07:00 बजे शुरू होकर दोपहर 01:00 बजे तक चलेगी, जबकि सुबह 10:30 बजे से 11:00 बजे तक आधे घंटे का भोजन अवकाश रहेगा। वहीं, न्यायालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को सुबह 06:30 बजे ही अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी और वे दोपहर 01:30 बजे तक कार्यालय में मौजूद रहेंगे।

Also Read: UP: KGMU धर्मांतरण और यौन शोषण मामले में बड़ा एक्शन, फर्जी निकाह दस्तावेज़ तैयार कराने वाला सारिक भेजा गया जेल

जनपद न्यायाधीश अमित पाल सिंह ने स्पष्ट किया कि भीषण गर्मी के कारण वकीलों और दूर-दराज से आने वाले वादकारियों को होने वाली परेशानी को कम करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। इस बदलाव से अब दोपहर की झुलसाने वाली धूप से पहले ही अदालतों का मुख्य कामकाज निपटा लिया जाएगा।