मथुरा में नीलगाय पर हमला : ग्रामीणों के पहुंचते ही बाइक छोड़ फरार हुए हमलावर, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

मथुरा : राया थाना क्षेत्र के गांव गुडेरा के जंगलों में सोमवार को बाइक सवार युवकों द्वारा नीलगाय पर हमला कर उसे घायल कर दिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीण जब मौके की ओर दौड़े तो हमलावर अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए।

ग्रामीणों ने बताया कि जंगल क्षेत्र में तेज धमाके की आवाज सुनकर वे घटनास्थल की ओर पहुंचे। वहां नीलगाय घायल अवस्था में पड़ी मिली। इसके बाद तत्काल राया पुलिस एवं वन विभाग को सूचना दी गई।

Also Read: UP: KGMU धर्मांतरण और यौन शोषण मामले में बड़ा एक्शन, फर्जी निकाह दस्तावेज़ तैयार कराने वाला सारिक भेजा गया जेल

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल नीलगाय के उपचार के लिए पशु चिकित्सकों को बुलाया गया। सूचना पर पशु चिकित्सक डॉ. कृष्णवीर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और घायल नीलगाय का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद नीलगाय को वन विभाग की टीम के सुपुर्द कर दिया गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह ने बताया कि घटना के बाद फरार हुए युवक अपनी बाइक छोड़ गए थे। बाइक के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। फरार बाइक सवार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा उनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।