बरेली : ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब आधार कार्ड बनवाने और उसमें संशोधन कराने के लिए शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शासन के निर्देश पर पंचायती राज विभाग ने ग्राम सचिवालयों में ही आधार कार्ड बनाने और अपडेट करने की तैयारी शुरू कर दी है। इससे गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, पंचायत सहायकों को आधार सेवा संचालन के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अगले महीने से यह सुविधा चरणबद्ध तरीके से शुरू की जा सकती है। इसके बाद ग्रामीण अपने गांव के सचिवालय में ही नया आधार कार्ड बनवा सकेंगे और नाम, पता, मोबाइल नंबर या जन्मतिथि जैसी जानकारी भी अपडेट करा सकेंगे।
वर्तमान समय में ग्रामीणों को आधार से संबंधित कार्यों के लिए 20 से 30 किलोमीटर दूर तहसील या जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। कई बार लोगों को घंटों लाइन में भी लगना पड़ता है। गांव स्तर पर सुविधा उपलब्ध होने से यह परेशानी काफी हद तक कम हो जाएगी।
सरकारी योजनाओं में आधार की अनिवार्यता लगातार बढ़ रही है। किसान सम्मान निधि, खसरा-खतौनी, पैमाइश, राशन, पेंशन और बैंकिंग सेवाओं सहित कई महत्वपूर्ण कार्य आधार से जुड़े हुए हैं। ऐसे में ग्राम सचिवालयों में आधार सेवा शुरू होने से ग्रामीणों को अपने घर के पास ही जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )

















































