रायबरेली: कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडे के पीएसी स्थित आवास पर मंगलवार को प्रख्यात संत सद्गुरु ऋतेश्वर महाराज का आगमन हुआ। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे और उनके परिजनों ने भव्य स्वागत किया। वैदिक ब्राह्मणों के शंखनाद, मंत्रोच्चार, आरती और पुष्पवर्षा के बीच गुरुदेव का अभिनंदन किया गया। इस दौरान मीडिया से औपचारिक बातचीत करते हुए सद्गुरु ऋतेश्वर महाराज ने समसामयिक, धार्मिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।
गो संरक्षण अभियान का समर्थन
सद्गुरु ऋतेश्वर महाराज ने ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती द्वारा चलाए जा रहे गो संरक्षण अभियान का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में गाय केवल एक पशु नहीं बल्कि पूजनीय माता है। गोवंश की रक्षा और संवर्धन के लिए उठाए जा रहे हर कदम का साधु-संत समाज हृदय से स्वागत करता है।
राजनीति और एआई के इस्तेमाल पर नसीहत
समाजवादी पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक वीडियो पर की गई बयानबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए ऋतेश्वर महाराज ने राजनीतिक दलों को संयम बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नेताओं को निजी आक्षेपों के बजाय नीतिगत मुद्दों पर बात करनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने सभी राजनीतिक दलों को आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग नफरत या भ्रामक प्रचार फैलाने के बजाय समाज के सकारात्मक निर्माण और जनकल्याण के लिए करने की सीख दी।
राम मंदिर ट्रस्ट के निर्णयों की सराहना
अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे में हेरफेर की खबरों पर महाराज ने कहा कि सरकार और प्रशासन द्वारा की गई त्वरित जांच व सख्त कार्रवाई सराहनीय है। पवित्र धामों में पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही राम मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधन में भारतीय सेना के पूर्व अधिकारी की नियुक्ति का स्वागत करते हुए उन्होंने इसे एक नए और अनुशासित अध्याय की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि सैन्य अनुभव से मंदिर की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अत्यधिक मजबूती मिलेगी।



















































