Saharanpur: सरसावा थाना पुलिस ने चोरी की एक घटना का महज 12 घंटे में खुलासा करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, ग्राम सलूनी निवासी पवन कुमार ने 23 अगस्त को थाना सरसावा में तहरीर देकर बताया था कि उसके घर की अलमारी से सोने और चांदी के जेवर चोरी हो गए हैं। चोरी का आरोप उसके घर में काम करने वाले विजय उर्फ ब्रजेश निवासी ग्राम तेलीपुरा, थाना चिलकाना पर लगाया गया था।
ALSO READ: UP: बांदा में बीमारी और अकेलेपन से परेशान 40 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर दी जान
मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर 24 अगस्त को विजय उर्फ ब्रजेश को ग्राम कलरी से इब्राहीमपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर रेलवे ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए जेवर बरामद किए गए।बरामद सामान में दो सोने की अंगूठियां, सोने का गले का सेट झूमकी सहित, गले का सेट टॉप्स सहित, दो कंगन, सोने की चैन और माथे का टीका शामिल हैं।
इसके अलावा चांदी की अंगूठी, ओम, तीन जोड़ी पाजेब, दो गुच्छे, तगड़ी और कड़ूले भी बरामद किए गए।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पवन कुमार के यहां नौकरी करता था। उसने मालिक की पत्नी को सेफ में जेवर रखते हुए देखा था, जिसके बाद उसके मन में लालच आ गया और उसने 22 अगस्त को जेवर चोरी कर लिए। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के जेवर बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था।गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































