सहारनपुर: थाना मिर्जापुर पुलिस ने चोरी की घटना का मात्र पांच घंटे में खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी किए गए 20 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।पुलिस के अनुसार, ग्राम पाडली निवासी फरमान ने थाना मिर्जापुर में तहरीर देकर बताया कि 17/18 अगस्त की रात उसके घर में रखी अलमारी से 20 हजार रुपये चोरी कर लिए गए।
Also Read: बलिया: सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में खराब रैंकिंग पर डीएम सख्त, सभी बीडीओ का वेतन रोका
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और त्वरित कार्रवाई के आधार पर पाडली रोड स्थित निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास से नौशाद पुत्र इमरान और दानिश पुत्र हसीन, दोनों निवासी ग्राम पाडली, को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से 10-10 हजार रुपये बरामद हुए।पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त दानिश का पूर्व में भी चोरी, आबकारी अधिनियम सहित कई मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह, उपनिरीक्षक सोमेन्द्र, हेड कांस्टेबल दीपक शर्मा और कांस्टेबल पंकज कुमार शामिल रहे।


















































