फतेहपुर में सनसनी! घर से कुछ दूरी पर मिला बुजुर्ग का शव, जमीन विवाद में हत्या की आशंका

फतेहपुर : फतेहपुर के जाफरगंज थाना क्षेत्र के अंगदपुर गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान करीब 65-70 वर्षीय नक्की लाल के रूप में हुई है। ग्रामीणों और परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट

सुबह करीब 6:30 बजे मिली सूचना के बाद जाफरगंज पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम (फील्ड यूनिट) को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाकर जांच प्रक्रिया शुरू की।

Also Read: UP: फतेहपुर पुलिस की बड़ी सफलता, हत्या के प्रयास का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, चाकू भी बरामद

जमीन विवाद को लेकर हत्या की आशंका

मृतक के परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि नक्की लाल का अपने पट्टीदारों के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया गया कि इस मामले में सिविल कोर्ट में मुकदमा भी विचाराधीन है। परिजनों का कहना है कि इसी रंजिश के चलते उनकी हत्या की गई है।

छह नामजद आरोपियों पर दर्ज हुआ मुकदमा

परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने छह नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Also Read: UP: अमेठी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार का फरार इनामी गैंगस्टर आकाश चौधरी गिरफ्तार  

आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए गठित हुईं टीमें

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में नामजद सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)