गोण्डा : थाना कोतवाली नगर पुलिस ने वर्षों पुराने भूमि धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों पर 37 वर्षों से लापता व्यक्ति के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसकी जमीन का बैनामा कराने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर आनंद कुमार राय के नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार पुत्र राम सागर निवासी सरैया खास तिवारीपुरवा, थाना रेहरा बाजार, जनपद बलरामपुर तथा जय सिंह वर्मा पुत्र मस्तराम वर्मा निवासी बैरिया सुरजनपुर, थाना रेहरा बाजार, जनपद बलरामपुर के रूप में हुई है।
मामले के अनुसार, धानेपुर थाना क्षेत्र के उज्जैनीकला (दर्जीपुरवा) निवासी अब्दुल गफ्फार ने थाना कोतवाली नगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसका भाई युनुस पिछले 37 वर्षों से लापता है। आरोपियों ने आपसी साजिश के तहत एक व्यक्ति को युनुस बनाकर उसका फर्जी आधार कार्ड और अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। इसके बाद वर्ष 2019 और 2020 में उप निबंधक कार्यालय गोण्डा में युनुस के हिस्से की भूमि का फर्जी बैनामा कराकर उसे अन्य लोगों के नाम स्थानांतरित कर दिया गया।
पुलिस जांच में आरोप सही पाए जाने पर मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान दोषी पाए गए दोनों वांछित आरोपियों को अम्बेडकर चौराहा, लखनऊ रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक सोनू कुमार, कांस्टेबल दिवस हलदार तथा कांस्टेबल अफजल अहमद शामिल रहे।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































