सीतापुर : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत कार्यरत संविदा कर्मियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा विरोध प्रदर्शन आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) के ठोस आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया। विदित हो कि वेतन न मिलने से आक्रोशित स्वास्थ्य कर्मी पिछले कई दिनों से बांह पर काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज करा रहे थे।
आज अपनी मांगों को लेकर कर्मी हड़ताल पर चले गए थे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ ने आंदोलित कर्मियों के प्रतिनिधियों से वार्ता की। वार्ता के दौरान सीएमओ ने कर्मियों को आश्वस्त किया कि उनके वेतन संबंधी तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं को दूर कर लिया गया है और बहुत जल्द सभी का बकाया वेतन उनके खातों में भेज दिया जाएगा।
अधिकारी के सकारात्मक रुख और जल्द समाधान के वादे के बाद एनएचएम कर्मियों ने अपनी हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया और पुनः कार्य पर लौट आए।कर्मियों का कहना है कि वे जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण उन्हें विरोध का रास्ता चुनना पड़ा। उन्होंने उम्मीद जताई है कि प्रशासन अपने वादे पर कायम रहेगा और जल्द ही वेतन निर्गत कर दिया जाएगा।
एनएचएम संघ जिला अध्यक्ष पीयूष वाजपेई ने बताया कि जल्द ही वेतन मिल जाएगा ऐसे आश्वासन के बाद हम लोगों ने काम पर वापस लौटने का निर्णय लिया है जिला महामंत्री अजेंद्र ने बताया कि प्रशासन एन एचएम कर्मियों के साथ है और वह एन एच एम कर्मियों को किसी भी तरह परेशान नहीं होने देगा।












































