UP: रामनगर तहसील में भाकियू (भानू) का प्रदर्शन, उपजिलाधिकारी पर भ्रष्टाचार के आरोप, SIT जांच और निलंबन की मांग

UP: बाराबंकी के भारतीय किसान यूनियन (भानू) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को रामनगर तहसील में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्थानीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रशासन पर किसानों और आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव कुंवर उदेन्दु प्रताप उर्फ आशू चौधरी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित 12 सूत्रीय ज्ञापन उपजिलाधिकारी कार्तिकेय सिंह को सौंपा गया।

ज्ञापन में वर्तमान उपजिलाधिकारी रामनगर तथा पूर्व उपजिलाधिकारी नवाबगंज पर भ्रष्टाचार, अवैध वसूली, भूमाफियाओं से सांठगांठ और सरकारी भूमि घोटाले जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। संगठन का कहना है कि इन अधिकारियों के कार्यकाल में किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों का शोषण हुआ, जबकि प्रभावशाली लोगों को संरक्षण दिया गया।

Also Read: UP: सहारनपुर में NHM संविदा कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय का किया घेराव, वेतन को लेकर फूटा गुस्सा

भाकियू (भानू) ने हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो का भी जिक्र किया, जिसमें अधिकारी द्वारा आम लोगों के साथ कथित अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप है। इस मामले को लेकर क्षेत्र में भारी नाराजगी बताई जा रही है।

भाकियू (भानू) ने अपने ज्ञापन में रामनगर के उपजिलाधिकारी को तत्काल निलंबित करने और उनके पूरे कार्यकाल की EOW या SIT से जांच कराने की मांग की। संगठन ने कंपनी बाग शत्रु संपत्ति प्रकरण, ग्राम ओबरी भूमि घोटाले और ग्राम सुकलाई मार्ग विवाद की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई। ज्ञापन में अधिकारियों की चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों की जांच और नार्को टेस्ट कराने की मांग भी शामिल रही।

Also Read: UP: अमेठी पहुंची शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद की ‘गो रक्षार्थ यात्रा’, गौशाला का किया शिलान्यास, योगी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

संगठन ने आरोप लगाया कि कई गांवों में बिना मानचित्र स्वीकृति के अवैध प्लाटिंग कर सरकारी जमीन और सार्वजनिक रास्तों पर कब्जा किया जा रहा है। साथ ही आरसन्स इंफ्रालैंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग भी की गई। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर गरिमा पंत, जगत राम कनौजिया, अरुण प्रताप सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता दीपक सिंह, प्रदेश महामंत्री खालिद खान और अन्य पदाधिकारियों ने भी प्रदर्शन में भाग लिया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)