फतेहपुर : फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यमुना नदी में नहाने गए छह युवक अचानक गहरे पानी में समा गए। हादसे में दो युवक किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे, जबकि चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार ललौली थाना क्षेत्र के तपनी गांव निवासी छह युवक रविवार को यमुना नदी में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान सभी युवक अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गए और डूबने लगे। युवकों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर पहुंच गई।
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की मदद से दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन चार युवक नदी में लापता हो गए। सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की ललौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।
Also Read : बलिया में गरजा बुलडोजर, दुबहर रिंग बंधा मार्ग से हटाया गया अतिक्रमण
कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने नदी से चारों युवकों के शव बरामद कर लिए। हादसे में तपनी गांव निवासी हसीबुद्दीन, शाहिद, अंश और शान की मौत हो गई।
चार युवकों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम दिखाई दी।
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी लेते रहे।













































