‘बाबा साहेब की प्रतिमाओं को खंडित करने का काम सपा…’, अंबेडकर प्रतिमाओं को लेकर अखिलेश के दावे पर ब्रजेश पाठक का पलटवार

UP: उत्तर प्रदेश में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को लेकर सियासत गरमा गई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रदेश में 151 अंबेडकर प्रतिमाओं के खंडित किए जाने के दावे पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा नेताओं को पहले अपने कार्यकाल और अतीत पर नजर डालनी चाहिए।

सपा सरकार में सबसे ज्यादा प्रतिमाएं खंडित हुईं

ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया कि बाबा साहब अंबेडकर की सबसे अधिक प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान हुईं। उन्होंने कहा कि गोमती नगर में मायावती की प्रतिमा को किसने तोड़ा था, यह सभी जानते हैं। डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि उस घटना में समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों की भूमिका थी और उन्होंने सपा पर ‘मूर्ति तोड़ने वाले गिरोह’ को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

Also Read: रायबरेली में अराजक तत्वों ने अंबेडकर प्रतिमा पर पोता कीचड़, पुलिस जांच में जुटी

‘सपा शासन में दलितों पर हुआ अत्याचार’

डिप्टी सीएम ने सपा पर दलितों के मुद्दे को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान हुए। ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश की जनता अब सपा को सत्ता में वापस नहीं लाने वाली है। उनके मुताबिक मौजूदा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के आधार पर प्रदेश के हर वर्ग को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।

यूपी की आय और बजट को लेकर भी सपा पर निशाना

ब्रजेश पाठक ने प्रदेश के आर्थिक विकास का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 से अब तक उत्तर प्रदेश में आम लोगों की आय तीन गुना हुई है और राज्य का बजट भी तीन गुना बढ़ा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी से सवाल किया कि विकास के इन मुद्दों पर उसका क्या रुख है। डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार प्रदेश को विकास के रास्ते पर आगे ले जाने के लिए लगातार काम कर रही है।

Also Read: ‘बाबा साहब अंबेडकर का दिया सबसे बड़ा अधिकार ‘वोट’ खतरे में…’, अखिलेश यादव का बीजेपी पर निशाना

राहुल गांधी पर भी ब्रजेश पाठक का हमला

इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां की मिमिक्री से जुड़े वीडियो पर भी ब्रजेश पाठक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे निंदनीय बताया और कहा कि मां का स्थान भगवान के समान होता है। डिप्टी सीएम ने इस मामले में राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की मां को लेकर इस तरह की मिमिक्री कराना उचित नहीं है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)