कायमगंज में आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश का कहर, किसानों की मेहनत पर फिरा पानी

कायमगंज, फर्रुखाबाद। देर रात कायमगंज और आसपास के क्षेत्रों में अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचा दी। रात करीब 1:30 बजे तेज आंधी के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई, वहीं किसानों और व्यापारियों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी।

तेज आंधी की वजह से कई स्थानों पर पुराने पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गए, जिससे रास्ते बाधित हो गए। ग्रामीण इलाकों में कई कच्चे मकान और झोपड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस प्राकृतिक आपदा में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन संपत्ति को व्यापक नुकसान पहुंचा है।

Also Read : फर्रुखाबाद में गंगा नदी में डूबने से किसान की मौत, तरबूज लेकर घर लौटते समय हुआ हादसा

बेमौसम बारिश का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा। खेतों में कटाई के बाद रखा गेहूं तेज हवाओं में बिखर गया और बारिश में भीगकर खराब हो गया। वहीं मंडी समिति परिसर में खुले में रखा सैकड़ों क्विंटल गेहूं भी पानी में भीग गया। किसानों और व्यापारियों ने अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि समय रहते तिरपाल और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था होती तो नुकसान कम हो सकता था।

आंधी और बारिश ने आम उत्पादकों की चिंता भी बढ़ा दी है। तेज हवाओं के चलते बागों में बड़ी संख्या में कच्चे आम टूटकर जमीन पर गिर गए। बागवानों का कहना है कि अगर मौसम का यही मिजाज बना रहा तो इस बार आम की पैदावार पर बड़ा असर पड़ सकता है।

हालांकि कृषि जानकारों का मानना है कि यह बारिश उड़द, मूंग और पशुओं के चारे जैसी जायद फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।

करीब 40 मिनट तक हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के बाद तापमान गिरकर 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे पूरे क्षेत्र में ठंडक महसूस की गई।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)