सुल्तानपुर के नगर कोतवाली क्षेत्र में दो सगी बहनों से छेड़खानी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। पुलिस के मुताबिक 10 और 11 जून की दरम्यानी रात करीब 2:15 बजे सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक हवाई पट्टी के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर इलाके की घेराबंदी की।
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
Also Read: UP: रायबरेली में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, साथी गंभीर
छेड़खानी के मामले में था वांछित
पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद आसिफ (27) पुत्र इश्तियाक अहमद, निवासी शास्त्री नगर, थाना कोतवाली नगर, सुल्तानपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 9 जून को दो सगी बहनें घर लौट रही थीं। उसी दौरान क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने का फायदा उठाकर आरोपी ने सुनसान स्थान पर उनके साथ छेड़खानी की थी। घटना के बाद पीड़िताओं की शिकायत पर नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था और आरोपी की तलाश की जा रही थी।
अवैध हथियार और चोरी की बाइक बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही आगे की जांच
अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित मामलों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।



















































