रायबरेली में स्वामी प्रसाद मौर्य का भाजपा और चुनाव आयोग पर हमला, सपा के PDA पर भी साधा निशाना

रायबरेली : अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य के लखनऊ से प्रयागराज जाने के क्रम में रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र स्थित सारस चौराहे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मौर्या सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। चौराहे पर मीडिया से मुखातिब होते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के साथ-साथ निर्वाचन आयोग और समाजवादी पार्टी के पीडीए फार्मूले पर तीखे सियासी बाण चलाए।

​मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका पर उठाए सवाल

​मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को आड़े हाथों लेते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश की सर्वोच्च संवैधानिक संस्था, जिस पर जनता सबसे अधिक भरोसा करती थी, आज उससे लोगों का विश्वास उठ चुका है। मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है। उनके बचाव में जिस तरह से भाजपा के मंत्री और नेता बयानबाजी कर रहे हैं, उससे यह स्पष्ट हो जाता है कि मुख्य चुनाव आयुक्त आज भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं, और यही कारण है कि उनके बचाव के लिए भाजपा पूरी ताकत झोंक देती है।

ALSO READ: Chandauli: मुगलसराय में सपा का PDA जनसंवाद, महंगाई-बेरोजगारी समेत जनसमस्याओं पर सरकार को घेरा

​अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ नारे पर साधा निशाना

​समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि इसका सही उत्तर तो अखिलेश यादव ही बेहतर दे सकते हैं। लेकिन विडंबना यह है कि जब नेता ही पीडीए की परिभाषा नहीं जानते और हर बैठक में इसकी परिभाषा बदल जाती है, तो स्वाभाविक रूप से कार्यकर्ता भी भ्रमित होते हैं। उन्होंने सलाह दी कि अखिलेश यादव को पहले खुद पीडीए की स्पष्ट परिभाषा तय करनी चाहिए।

​पुलिस प्रशासन के रवैये को बताया लोकतंत्र की हत्या

​इसके साथ ही, हाल ही में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस द्वारा किए गए दुर्व्यवहार व मारपीट के मुद्दे पर पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं पर हाथ उठाना या मारपीट करना कतई उचित नहीं है। यदि पुलिस ऐसा करती है, तो यह स्पष्ट रूप से लोकतंत्र की हत्या का प्रयास है। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)