फतेहपुर: सदर कोतवाली क्षेत्र के नासेपीर मोहल्ले में शनिवार सुबह एक प्राइवेट शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। 28 वर्षीय शालिनी यादव का शव घर के अंदर पानी के टब में मुंह के बल पड़ा मिला। मृतका के सिर और पैर पर चोट के निशान मिलने से मामला और संदिग्ध हो गया है। पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को हत्या मानकर जांच कर रही है। मृतका के पति और सरकारी शिक्षक दिलीप यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, दिलीप यादव करीब छह महीने से नासेपीर मोहल्ले में किराए के मकान में पत्नी शालिनी और आठ वर्षीय बेटे दर्शिक यादव के साथ रह रहे थे। दिलीप सरकारी शिक्षक हैं, जबकि शालिनी एक निजी विद्यालय में शिक्षिका थीं। दोनों की शादी वर्ष 2018 में हुई थी।
शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पुलिस को शालिनी की मौत की सूचना मिली। पति दिलीप ने पुलिस को बताया कि वह सुबह करीब साढ़े पांच बजे टहलने के लिए घर से निकला था। करीब साढ़े छह बजे वापस लौटा तो पत्नी पानी के टब में मुंह के बल पड़ी थी। इसके बाद वह उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने शालिनी को मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर मृतका के सिर और पैर पर चोट के निशान पाए गए। इन चोटों ने पानी में डूबने से मौत होने की पति की बताई कहानी पर सवाल खड़े कर दिए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया।
सीओ सिटी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही शालिनी की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।



















































