फर्रुखाबाद : जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला व्यापार बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने शहर की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए उनके समाधान की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है और व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने नगर क्षेत्र में बढ़ती आवारा गौवंश की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रतिदिन अभियान चलाकर गौवंशों को पकड़ने और सुरक्षित गौशालाओं में भेजने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके और लोगों को राहत मिले।
व्यापारियों ने शहर के विभिन्न इलाकों में अतिक्रमण की समस्या भी उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने नियमित अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने और सड़क व फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजारों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी आवश्यक है।
ठेली और रेहड़ी संचालकों के संबंध में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को उनके लिए उपयुक्त स्थानों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित न हो और बाजारों में व्यवस्था भी बनी रहे। सेंट्रल जेल के पास फुटपाथ पर लगी दुकानों से हो रही परेशानी का मुद्दा सामने आने पर उन्होंने दुकानों को व्यवस्थित रूप से पीछे स्थानांतरित कर फुटपाथ को आमजन के लिए मुक्त कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बस स्टेशन परिसर में लगाए गए वृक्षों के क्षतिग्रस्त होने का मामला भी उठाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण अभियान को और प्रभावी बनाने तथा सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर पौधरोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
लाल सराय स्थित बेडिंग जोन में पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर पार्किंग व्यवस्था से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और शहर की यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।













































