संभल हिंसा मामले में FIR का आदेश पड़ा भारी! CJM विभांशु सुधीर का सुल्तानपुर ट्रांसफर, CJM से बनाए गए सिविल जज

UP: संभल (Sambhal) के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) विभांशु सुधीर (Vibhanshu Sudhir) का अचानक तबादला कर दिया गया है। गौरतलब है संभल में शाही जामा मस्जिद (Shahi Jama Masjid) से जुड़े सर्वे विवाद और भड़की हिंसा मामले में CJM विभांशु सुधीर ने बड़ा आदेश दिया था। उन्होंने एएसपी अनुज चौधरी सहित 15 से 20 पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश जारी किए थे, जिसके बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल मच गई थी। वहीं अब उन्हें इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश पर संभल से हटाकर सुल्तानपुर भेजा गया है। साथ ही उन्हें CJM के पद से हटाकर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) के पद पर नियुक्त किया गया है, जो प्रशासनिक तौर पर एक पायदान नीचे का पद है।

क्या था CJM विभांशु सुधीर का आदेश?

6 फरवरी 2025 को संभल के नखासा थाना क्षेत्र के मोहल्ला खग्गू सराय निवासी यामीन ने CJM कोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका में आरोप लगाया गया कि उनके बेटे आलम को 24 नवंबर 2024 को शाही जामा मस्जिद क्षेत्र में पुलिस फायरिंग में गोली लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले की सुनवाई के बाद CJM विभांशु सुधीर ने एएसपी अनुज चौधरी, इंस्पेक्टर अनुज तोमर सहित 15 से 20 अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था।

Also Read- Sambhal Violence: संभल हिंसा में मास्टरमाइंड कौन? पुलिस की चार्जशीट में सामने आईं चौंकाने वाली बातें

पुलिस और प्रशासन में मचा हड़कंप

CJM के इस आदेश के बाद संभल पुलिस और प्रशासन में हलचल तेज हो गई थी। संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने स्पष्ट किया था कि इस आदेश को उच्च न्यायालय में चुनौती दी जाएगी और फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं की जाएगी। प्रशासन की ओर से यह तर्क दिया गया था कि पुलिसकर्मी उस समय केवल अपनी ड्यूटी निभा रहे थे।

तबादले के साथ पद में बदलाव

अब सामने आई जानकारी के अनुसार, विभांशु सुधीर को सुल्तानपुर में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) के पद पर तैनात किया गया है। CJM से हटाकर इस पद पर भेजे जाने को लेकर इसे डिमोशन के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे न्यायिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

क्या था संभल हिंसा का पूरा विवाद

संभल में एक याचिका दायर की गई थी, जिसमें दावा किया गया था कि 16वीं सदी की शाही जामा मस्जिद एक प्राचीन हरिहर मंदिर के अवशेषों पर बनी है। अदालत ने इस दावे की जांच के लिए सर्वे कराने का आदेश दिया था। 19 नवंबर 2024 को पहला सर्वे शांतिपूर्ण तरीके से हुआ, लेकिन 24 नवंबर को दूसरे सर्वे के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया था।

Also Read: ‘जुमा साल में 52 बार, होली एक बार’, संभल CO ने मुस्लिम समुदाय को दी हिदायत तो भड़का विपक्ष

हिंसा में गई थीं चार जानें

दूसरे सर्वे के दौरान अफवाहें फैलीं कि मस्जिद परिसर में खुदाई की जा रही है। इससे नाराज भीड़ और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 29 सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे। मामला पूरे प्रदेश में सुर्खियों में रहा।

संभल को मिला नया CJM

विभांशु सुधीर के तबादले के बाद चंदौसी के सिविल जज (सीनियर डिवीजन) आदित्य सिंह को संभल का नया मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि आदित्य सिंह ने ही श्री हरिहर मंदिर बनाम शाही जामा मस्जिद विवाद में सर्वे का आदेश दिया था। अब उन्हें पदोन्नति के साथ संभल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.