9 मई को फर्रुखाबाद में होगा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण, कई मंत्री और जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

फर्रुखाबाद। शहर में वीरता, स्वाभिमान और शौर्य के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की नवनिर्मित भव्य प्रतिमा का अनावरण आगामी 9 मई को किया जाएगा। शहर के रोडवेज बस स्टेशन पर स्थापित इस प्रतिमा के लोकार्पण को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी को लेकर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की एक अहम बैठक शहर के राजपूताना होटल में आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए महासभा के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रतिमा अनावरण समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के कई दिग्गज मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जिले के लिए गौरव का क्षण होगा।

उन्होंने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश सरकार में जिले के प्रभारी एवं पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह बतौर विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा क्षेत्रीय विधायक राकेश सिंह समेत कई अन्य जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।

Also Read : बहराइच में बहन से मिलकर लौट रहे किशोर की सड़क हादसे में मौत, साथी गंभीर; शादी की तैयारी के बीच टूटा परिवार

महासभा के राष्ट्रीय मंत्री जीएस राठौर ने बताया कि यह कार्यक्रम पूरी तरह सार्वजनिक होगा, जिसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप की प्रतिमा केवल एक समाज की नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है।

बैठक में जिला अध्यक्ष महेश पाल सिंह उपकारी, पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख पल्लव सोमवंशी और पूर्व जिला अध्यक्ष राम बहादुर सिंह ने भी अपने विचार रखते हुए आयोजन को ऐतिहासिक और भव्य बनाने का संकल्प लिया।

Also Read : यूपीपीसीएस में 126वीं रैंक हासिल कर बने असिस्टेंट कमिश्नर, कायमगंज में अभिषेक राजपूत का स्वागत

कार्यक्रम का संचालन कवि वैभव सोमवंशी ने किया। बैठक में श्री राजपूत करणी सेना के जिला अध्यक्ष सुशील चौहान, जिला महासचिव प्रदीप राठौर, वीरांगना सभा की जिला अध्यक्ष किरण सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और समाज के लोग मौजूद रहे।

9 मई को होने वाला यह आयोजन अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )