बहराइच : बहराइच जनपद के खैरीघाट थाना क्षेत्र के रामपुर धोबियाहार गांव में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। बहन के घर से लौट रहे दो किशोरों को नैनीहा जंगल के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अंशित पुत्र संजय वर्मा और नागेश पुत्र शंकर गुप्ता शनिवार को अपनी बहन के घर मझरा गए थे। देर शाम दोनों वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे नैनीहा जंगल के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों सड़क पर पड़े रहे।
कुछ देर बाद उसी रास्ते से गुजर रहे नागेश के भाई नीरज की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने तुरंत दोनों को उठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही नागेश ने दम तोड़ दिया, जबकि अंशित का इलाज जारी है।
मृतक नागेश के पिता ने बिलखते हुए बताया कि उनका बेटा तीन दिन पहले ही मुंबई से घर आया था। वह फिर वापस जाने वाला था, लेकिन परिवार ने उसे रोक लिया और शादी की बात कही। इस पर नागेश ने कहा था कि वह बहन के घर होकर आता है। किसे पता था कि यह उसका आखिरी सफर होगा।
नागेश चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।












































