लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में रेडियो ऑपरेटर की ट्रेनिंग पूरी कर गांव लौटे जवान अजय कुमार निषाद का भव्य स्वागत इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। सैकड़ों फोरव्हीलर और टूव्हीलर वाहनों के लंबे काफिले के साथ निकाले गए जुलूस का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
फिरोजाबाद यूपी पुलिस के रेडियो ऑपरेटर अजय कुमार निषाद का ट्रेनिंग पूरी करने के बाद घर वापसी का स्वागत इतना शानदार रहा कि देखने वाले हैरान रह गए। फिरोजाबाद जिले के गांव गढ़ी मिश्री का पुरा निवासी अजय कुमार जब ट्रेनिंग से लौटे तो ग्रामीणों और परिजनों ने उनके सम्मान में भव्य जुलूस निकाला।
काफिले का भव्य स्वरूप
इस स्वागत जुलूस में दर्जनों फोरव्हीलर वाहनों और सैकड़ों टूव्हीलर बाइकों का लंबा काफिला शामिल था। अजय निषाद एक एसयूवी कार की छत खोलकर खड़े होकर लोगों का अभिवादन करते नजर आए। उनके गले में फूलों की मालाएं लदी हुई थीं। बाइक सवार युवक उत्साहपूर्वक आगे-आगे जुलूस का नेतृत्व कर रहे थे। पूरे मार्ग में फिल्मी गानों की धुन पर जश्न का माहौल छाया रहा।
UP : IPS राजीव कृष्ण बने उत्तर प्रदेश के पूर्णकालिक DGP, पुलिस को मिली नई ऊर्जा
रास्ते भर उमड़ी भीड़
जुलूस आगरा के शमसाबाद, धिमश्री और फतेहाबाद इलाकों से होते हुए फिरोजाबाद पहुंचा। पूरे रास्ते में स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुलूस देखने के लिए उमड़ पड़ी। ऐसा भव्य काफिला आमतौर पर बड़े नेताओं या दिग्गज हस्तियों के स्वागत में ही देखा जाता है, इसलिए इस नजारे को देखकर लोग अचरज में पड़ गए।
सोशल मीडिया पर वायरल
करीब तीन दिन पुराना यह वीडियो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर खूब वायरल हो रहा है। जहां ज्यादातर लोग जवान अजय निषाद के सम्मान और गांव वालों के उत्साह की सराहना कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे अत्यधिक दिखावा भी बता रहे हैं।
अजय कुमार निषाद की इस भव्य welcome को लेकर क्षेत्र में लगातार चर्चा हो रही है। यूपी पुलिस में नौकरी पाने और ट्रेनिंग पूरी करने वाले जवान के लिए ग्रामीणों द्वारा किया गया यह स्वागत स्थानीय स्तर पर गर्व की बात बन गया है। यह घटना एक ओर तो पुलिस सेवा में जुड़ने वाले युवाओं के प्रति समाज के सम्मान को दर्शाती है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सव मनाने की अपनी अनोखी शैली को भी उजागर करती है।













































