‘जनता BJP को धो-पटककर सुखा देगी…’, तारों पर कपड़े सुखाने वाले बयान पर अखिलेश यादव का सीएम योगी पर निशाना

उत्तर प्रदेश में बिजली संकट और बढ़ती कटौती को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें योगी ने कहा था कि सपा सरकार के दौरान बिजली के तारों पर कपड़े सुखाए जाते थे। अखिलेश ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आने वाले चुनाव में जनता भाजपा को धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी।

बिजली संकट को लेकर सरकार पर तंज

अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली व्यवस्था चरमरा चुकी है, लेकिन सरकार जिम्मेदारी लेने के बजाय विपक्ष पर आरोप लगा रही है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अच्छा हुआ मुख्यमंत्री ने बिजली संकट के पीछे ‘दिल्ली से भेजे गए किसी दूत’ की साजिश का आरोप नहीं लगाया। सपा प्रमुख ने यह भी पूछा कि मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों में बिजली मंत्री शामिल होते हैं या नहीं।

Also Read: बिजली के नये प्लांट लगाना आपके बस की नहीं..’, यूपी में बिजली संकट पर अखिलेश यादव का BJP पर हमला

भाजपा सरकार और जनप्रतिनिधियों पर निशाना

सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर हमला जारी रखते हुए कहा कि प्रदेश में बिजली सब-स्टेशनों की सुरक्षा के लिए पीएसी तैनात करनी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के विधायक और सांसद जनता के गुस्से से बचने के लिए अपनी ही सरकार के खिलाफ पत्र लिख रहे हैं। अखिलेश ने इसे सरकार की विफलता बताते हुए कहा कि जनता बिजली कटौती और अव्यवस्था से परेशान है, जबकि सरकार समाधान देने में नाकाम साबित हो रही है।

मुख्यमंत्री योगी ने विपक्ष को घेरा

वहीं सीएम योगी ने मंगलवार को बिजली संकट के मुद्दे पर विपक्ष को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में बिजली व्यवस्था बदहाल थी, वही आज सवाल उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि जरूरत के मुताबिक ही बिजली का उपयोग करें और अनावश्यक बिजली खर्च से बचें। उन्होंने नगर निगमों और ग्राम पंचायतों से भी जरूरत के अनुसार ही स्ट्रीट लाइट जलाने को कहा।

Also Read: ‘यूपी सरकार जाति-धर्म देखकर एनकाउंटर कराती है…’, अखिलेश यादव का योगी सरकार पर बड़ा हमला

सरकार की योजनाओं और कानून व्यवस्था का दावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार हर समस्या के समाधान के लिए काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि 2017 के बाद प्रदेश में गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के हित में बिना भेदभाव के योजनाएं लागू की गईं। योगी ने कहा कि शहरी और ग्रामीण इलाकों में 65 लाख से अधिक गरीबों को आवास दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने सपा सरकार पर आरोप लगाया कि उस समय योजनाओं का लाभ चुनिंदा लोगों तक सीमित था और महिला सुरक्षा की स्थिति भी खराब थी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)