वोटर लिस्ट में छिपा है लखनऊ जाने का रास्ता, बूथ मजबूत करो: राधेश्याम सविता

फर्रुखाबाद। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अब बूथ स्तर पर अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी संगठन गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचकर वोटर लिस्ट की समीक्षा और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में जुट गया है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के खिमसेपुर में बूथ संख्या 62, 63, 64 एवं 65 की मतदाता सूची का गहन निरीक्षण किया और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।

बैठक को संबोधित करते हुए राधेश्याम सविता ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव समाजवादियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि “सरकार बनानी है तो बूथ मजबूत करना होगा। वोटर लिस्ट की एक-एक एंट्री पर नजर रखनी होगी। बूथ ही चुनाव जिताता है और बूथ की मजबूती ही लखनऊ का रास्ता तय करती है।”

उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता सूची में नए वोटरों को जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं का सत्यापन करने और बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में कई सीटों पर समाजवादी पार्टी बेहद कम अंतर से हार गई थी, जिसका बड़ा कारण बूथ स्तर पर कमजोर प्रबंधन रहा। यदि वोटर लिस्ट और बूथ मैनेजमेंट पर और बेहतर काम हुआ होता तो आज प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार होती।

राधेश्याम सविता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए हर स्तर पर रणनीति बनाती है, इसलिए समाजवादी कार्यकर्ताओं को भी पूरी सतर्कता और मजबूती के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि “भाजपा के लोग मायावी हैं, उनकी हर चाल को समझकर विफल करना होगा। जनता पूरी तरह पीडीए के साथ खड़ी है और 2027 में प्रदेश में स्पष्ट बहुमत की समाजवादी सरकार बनने जा रही है।”

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान तेज करने, युवाओं और नए मतदाताओं तक पहुंच बनाने तथा बूथ समितियों को सक्रिय रखने का आह्वान भी किया गया।

इस अवसर पर बीएलए दीपक श्रीवास्तव, अवधेश प्रजापति, विनीश वर्मा, दिलीप श्रीवास्तव, सुनील कमल एवं शशांक कमल सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।