राजधानी लखनऊ के बैकुंठधाम में समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव (Prateek Yadav) का अंतिम संस्कार पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न किया गया। इस दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा और परिजनों की आंखें नम दिखाई दीं।


अंतिम संस्कार के दौरान चिता को मुखाग्नि अपर्णा यादव के पिता व प्रतीक के ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने दी। मौके पर यादव परिवार मौजूद रहा और सभी ने अंतिम विदाई में हिस्सा लिया।

इस दुखद मौके पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव सहित पूरा परिवार उपस्थित रहा। शिवपाल सिंह यादव ने प्रतीक यादव की दोनों बेटियों को संभालते हुए उनका हौसला बढ़ाया।

सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुई है, जिसमें श्मशान घाट पर प्रतीक यादव की छोटी बेटी को अखिलेश यादव के साथ बैठे हुए देखा जा सकता है, और वे उस मासूम बच्ची को चॉकलेट देते हुए नजर आ रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रतीक एक सरल और मेहनती स्वभाव के व्यक्ति थे, जो अपने प्रयासों से जीवन में आगे बढ़ना चाहते थे। उनकी अचानक मौत से पूरा परिवार सदमे में है।

बताया गया कि प्रतीक यादव का निधन फेफड़ों में रक्त का थक्का जमने (पल्मोनरी थ्रॉम्बोसिस) के कारण हुआ। अंतिम संस्कार के समय उनकी दोनों बेटियां भी मौजूद थीं, जिन्हें परिवार के सदस्यों ने संभालकर उनका हौसला बढ़ाया।






































