आशिक के साथ ऐश करने को पीतल कारोबारी की बेटी ही निकली लुटेरी, 47 लाख कैश व तमंचों के साथ 5 गिरफ्तार

मुरादाबाद : नागफनी थाना क्षेत्र में पीतल कारोबारी के घर हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस वारदात की मास्टरमाइंड कोई बाहरी अपराधी नहीं, बल्कि कारोबारी की अपनी सगी बेटी अरीबा निकली। उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस पूरी वारदात की साजिश रची थी। एसएसपी ने प्रेस वार्ता के दौरान मामले का पर्दाफाश करते हुए बेटी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने की जानकारी दी है।

प्रेमी के साथ ऐश करने के लिए रची साजिश

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कारोबारी की बेटी अरीबा अपने प्रेमी अरशद के साथ मिलकर बड़ी रकम लूटकर ऐश-ओ-आराम की जिंदगी जीना चाहती थी। योजना के तहत अरीबा ने घर की सटीक मुखबिरी की और अरशद ने अपने साथियों के साथ मिलकर नागफनी क्षेत्र स्थित कारोबारी के घर पर करोड़ों की डकैती को अंजाम दिया।

Also Read : पुलिस टीम पर हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

47 लाख से अधिक कैश और असलहे बरामद

एसएसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बेटी अरीबा, उसके प्रेमी अरशद और तीन अन्य साथियों को दबोच लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 47 लाख रुपये से अधिक कैश बरामद किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल कई अवैध तमंचे भी बरामद किए हैं। पुलिस बाकी की रकम की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)