बहराइच में बाघ के साथ दिखे तीन शावक, करीब दो मिनट तक चला ‘टाइगर फैमिली’ का जलवा

बहराइच: कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में वन्यजीवों की मौजूदगी एक बार फिर लोगों के लिए रोमांच का कारण बन गई। सुजौली थाना क्षेत्र में मोतीपुर-बिछिया मार्ग पर गिरिजापुरी पेट्रोल पंप के पास देर रात सड़क पर एक बाघिन अपने तीन शावकों के साथ चहल-कदमी करती नजर आई। अचानक सड़क पर बाघिन और उसके शावकों को देखकर राहगीरों के होश उड़ गए। वाहनों के पहिए थम गए और लोग अपनी गाड़ियों में बैठकर इस दुर्लभ नजारे को कैमरे में कैद करने लगे।

बताया जा रहा है कि बाघिन अपने तीनों शावकों के साथ काफी देर तक सड़क पर ही विचरण करती रही। इस दौरान वह कभी सड़क के एक ओर तो कभी दूसरी ओर अपने शावकों के साथ घूमती दिखाई दी। करीब दो मिनट तक सड़क पर बाघिन और उसके शावकों की मौजूदगी से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई।

गाड़ियों में बैठे राहगीरों ने मोबाइल फोन से बाघिन और शावकों का वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचते ही तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो में बाघिन के साथ उसके तीनों शावक सड़क पर चलते नजर आ रहे हैं, जिसने लोगों में खासा कौतूहल पैदा कर दिया है।

Also Read: राम मंदिर पर BJP का बिग प्लान! 40 मिनट बंद कमरे में क्या हुआ? शाह-योगी की सीक्रेट मीटिंग का पूरा सच!

गाड़ियों में बैठे रहे राहगीर, कैमरे में कैद किया रोमांचक नजारा

प्रत्यक्षदर्शी अशफाक, मनीष, शोयब और मतीन समेत अन्य राहगीरों ने बताया कि बाघिन काफी देर तक अपने बच्चों के साथ सड़क पर मौजूद रही। वन्यजीवों को बेहद करीब से देखने का यह नजारा उनके लिए रोमांचकारी था। राहगीरों ने वाहन रोककर सुरक्षित दूरी से वीडियो बनाया। करीब पांच मिनट बाद बाघिन अपने तीनों शावकों को लेकर सड़क छोड़कर जंगल की ओर चली गई, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही फिर शुरू हो सकी।

वन्यजीवों के लिए मुफीद बन रहा कतर्नियाघाट

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग लगातार वन्यजीवों के लिए अनुकूल साबित हो रहा है। जंगल में बाघिन का अपने शावकों के साथ दिखाई देना क्षेत्र में वन्यजीवों की सक्रियता और प्राकृतिक आवास की बेहतर स्थिति की ओर संकेत करता है। बाघिन और तीन शावकों का एक साथ सड़क पर दिखाई देना वन्यजीव प्रेमियों के लिए भी आकर्षण का विषय बन गया है।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है