फर्रुखाबाद में दर्दनाक हादसा : झोपड़ी में लगी आग से ढाई साल की मासूम जिंदा जली, बचाने में दादी गंभीर रूप से झुलसीं

कायमगंज, फर्रुखाबाद : जिले के कायमगंज क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां झोपड़ी में लगी भीषण आग ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। कम्पिल थाना क्षेत्र के कमरुद्दीननगर गांव में आग लगने से ढाई साल की मासूम बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में उसकी दादी गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी उर्वेश यादव की झोपड़ी में उनकी बुजुर्ग मां जदुरानी और ढाई साल की जुड़वा बेटियां कुसुम प्रिया व रुद्र प्रिया सो रही थीं। इसी दौरान अचानक झोपड़ी में आग लग गई। तेज गर्मी और हवाओं के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।

आग लगते ही परिवार और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए एक बच्ची रुद्र प्रिया को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरी बच्ची कुसुम प्रिया आग की लपटों में फंस गई। अपनी पोती को बचाने के लिए दादी जदुरानी आग में कूद पड़ीं, लेकिन भीषण आग के कारण वह बच्ची तक नहीं पहुंच सकीं। मासूम कुसुम प्रिया की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दादी गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

Also Read : फर्रुखाबाद जिला जेल के वरिष्ठ लिपिक प्रेम कुमार श्रीवास्तव का निधन, शोक की लहर

हादसे में परिवार की पूरी गृहस्थी भी जलकर राख हो गई। घर में रखा करीब चार कुंतल गेहूं, नौ हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और अन्य जरूरी सामान आग की भेंट चढ़ गया। घटना के बाद बच्ची की मां सरिता समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन गांव की तंग गलियों के कारण दमकल की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद ग्रामीणों और दमकलकर्मियों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाया।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। एसडीएम अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। साथ ही यदि परिवार भूमिहीन है तो उन्हें आवासीय पट्टा भी उपलब्ध कराया जाएगा।

मासूम की दर्दनाक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)