भीषण गर्मी का कहर: लोहिया अस्पताल में मरीजों की बाढ़, डिहाइड्रेशन और उल्टी-दस्त के सैकड़ों मामले

फर्रुखाबाद। जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी अब लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगी है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के चलते जिला मुख्यालय स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। हालत यह है कि अस्पताल के पर्चा काउंटर से लेकर डॉक्टर कक्ष और दवा वितरण केंद्र तक हर जगह लंबी कतारें लगी दिखाई दे रही हैं।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार इन दिनों सबसे अधिक मरीज डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त, पेट दर्द, तेज बुखार और कमजोरी जैसी समस्याओं से पीड़ित होकर पहुंच रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण स्वास्थ्य कर्मियों को भी व्यवस्थाएं संभालने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

चिकित्सक डॉ. अभय श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलने वाली ओपीडी में प्रतिदिन 100 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। अधिकांश मरीज पेट संबंधी संक्रमण और तेज बुखार की शिकायत लेकर आ रहे हैं। वहीं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विवेक सक्सेना के अनुसार बच्चों में उल्टी-दस्त और शरीर में पानी की कमी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।

Also Read : लंबे इंतजार के बाद यूपी को मिलेगा स्थायी DGP, आज UPSC में फैसला संभव

डॉक्टरों का कहना है कि तेज धूप, लू, दूषित पानी और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन इन बीमारियों की प्रमुख वजह बन रहा है। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए सड़क किनारे बिकने वाले असुरक्षित ठंडे पेय और खुले खाद्य पदार्थों का सेवन कर रहे हैं, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। चिकित्सकों ने लोगों को साफ और उबला हुआ पानी पीने, घर का ताजा भोजन करने तथा दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है।

उधर, कमालगंज क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी हालात कुछ ऐसे ही नजर आए। दो दिन के अवकाश के बाद खुला सीएचसी मरीजों से खचाखच भरा रहा। यहां भी पर्चा काउंटर और दवा वितरण केंद्र पर सुबह से लंबी लाइनें लगी रहीं।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार की तबीयत खराब होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)