जौनपुर में दर्दनाक हादसा, बच्चों से भरी स्कूल वैन की बस से भिड़ंत, कई बच्चे घायल

जौनपुर : मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के धरमपुर में गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। DRM इंटरनेशनल स्कूल, मधुपुर की स्कूल वैन और एक बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि स्कूल वैन में कई बच्चे सवार थे। टक्कर के बाद कई बच्चे घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव शुरू किया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

ALSO READ: Gonda: गैंगस्टर एक्ट में वांछित सूरज सिंह गिरफ्तार, कोतवाली नगर पुलिस ने भेजा न्यायालय

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना की जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। वहीं, हादसे के बाद जिले में स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि स्कूल बस और वैन की फिटनेस, परमिट, बीमा, सुरक्षा उपकरणों के साथ-साथ चालकों के लाइसेंस और योग्यता की नियमित जांच होनी चाहिए।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि हादसे को गंभीरता से लेते हुए जिले में संचालित सभी स्कूली वाहनों की सघन जांच कराई जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में मासूम बच्चों की जिंदगी खतरे में न पड़े। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे में घायल बच्चों के उपचार पर सभी की नजर बनी हुई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)