UP: जसवंतनगर। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत खेड़ा बुजुर्ग के ग्राम नगला केहरी में पिछले एक वर्ष से अधिक समय से टूटी पड़ी नाली ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। नाली क्षतिग्रस्त होने के कारण जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है, जिससे गंदा पानी रास्तों पर भर जाता है और लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पहले भी समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित हुई थी। उस समय प्रशासन की ओर से नाली की जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नतीजतन समस्या जस की तस बनी हुई है।
ALSO READ: Gonda: गैंगस्टर एक्ट में वांछित सूरज सिंह गिरफ्तार, कोतवाली नगर पुलिस ने भेजा न्यायालय
ग्रामीण संतराम, रवि कुमार, राहुल कुमार सहित एक दर्जन से अधिक लोगों ने बताया कि नाली टूटने के कारण बरसात और घरेलू पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इससे आसपास गंदगी फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के बावजूद उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द टूटी हुई नाली का निर्माण कराया जाए, ताकि जलभराव की समस्या से राहत मिल सके और गांव की स्वच्छता एवं आवागमन की व्यवस्था सुचारु हो सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































