फर्रुखाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मजदूर की मौत, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

फर्रुखाबाद। जनपद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा सेंट्रल जेल चौराहे के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव गुचलियाई निवासी 45 वर्षीय वीर सहाय शनिवार शाम सेंट्रल जेल चौराहे के पास पेंटिंग का काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रहे एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वीर सहाय ट्रक के पहियों के बीच फंस गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और साथ काम कर रहे मजदूरों ने काफी मशक्कत के बाद वीर सहाय को ट्रक के पहियों के नीचे से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

Also Read : बहराइच में बहन से मिलकर लौट रहे किशोर की सड़क हादसे में मौत, साथी गंभीर; शादी की तैयारी के बीच टूटा परिवार

बताया गया कि हादसे के समय उनके साथ कोई परिजन मौजूद नहीं था, जिसके चलते उन्हें दूसरे अस्पताल नहीं ले जाया जा सका। देर रात लोहिया अस्पताल में उपचार के दौरान वीर सहाय ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही साथ काम करने वाले मजदूरों ने मृतक के परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि वीर सहाय की पत्नी का करीब नौ वर्ष पहले निधन हो चुका था। वह मजदूरी कर अपने दो बच्चों का पालन-पोषण कर रहे थे। उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। वहीं, परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )