गोरखपुर: गोरखपुर के गोला थानाक्षेत्र के माल्हनपार रोड चीनी मिल के पास शनिवार भोर में 4:30 बजे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई. दो बाइक से चार वांछित बदमाश पुलिस को देखकर तमंचे से फायरिंग करने लगे. इस दौरान जवाबी कार्रवाई में एक बाइक पर सवार बदमाश के पैर में गोली लग गई. जबकि बाइक चला रहा दूसरा बदमाश वहीं गिरकर चोटिल हो गया.
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया, मुठभेड़ के दौरान दूसरी बाइक पर सवार दो बदमाश भाग निकले, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगी है. घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पकड़े गए दोनों बदमाश चाचा-भतीजा हैं, जिनकी पहचान सिकरीगंज थाना के इमलीडीहखुर्द निवासी अब्दुल रहमान उर्फ राजू और उसका चाचा नूरूल हसन के रूप में हुई. अब्दुल रहमान के दाहिने पैर में गोली लगी है. गोला में शुक्रवार सुबह निरंकार आश्रम के पास खेत में गोवंशीय पशुओं के क्षत विक्षत अवशेष मिले थे.
Also Read: ‘प्रक्रिया में पारदर्शिता अनिवार्य, EC मनमानी नहीं कर सकता…’, SIR पर सुप्रीम कोर्ट सख्त
इसके बाद ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए गोला-कौड़ीराम मार्ग पर हंगामा किया था. सीडीआर की मदद से पुलिस बदमाशों की पहचान कर तलाश में लगी थी. पकड़े गए दोनों बदमाश एक कसाई की मदद से आवारा गोवंश का काटकर उनका गोमांस बेचने का काम करते हैं. अन्य बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम लगी है.
गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के धौसहर उर्फ बेलवाबारी गांव में शुक्रवार सुबह करीब छह बजे धन निरंकार आश्रम के पास खेत में गोवंशीय पशुओं के क्षत-विक्षत अवशेष मिले.
पुलिस ने अवशेषों को एकत्र कराकर जेसीबी से गड्डा खुदवाकर दफना दिया. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गोला-कौड़ीराम मार्ग पर हंगामा करते हुए चिलवां पुल के पास जाम लगा दिया. मौके से धारदार हथियार, दो लाठी, तीन जोड़ी चप्पल और खून लगा कपड़ा समेत कुछ सामान मिला है. पुलिस ने सामान कब्जे में ले लिया है.
पुलिस के अनुसार, एक गोवंश वहां मृत अवस्था में पड़ा था जिसका गला काटा गया था. वहीं, एक के अवशेष पड़े हुए थे. हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि वहां पर और भी गोवंशीय पशुओं को काटा गया था.









