सोनभद्र: जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरबिल गांव में बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां सड़क किनारे खड़े खराब ट्रेलर में पीछे से बाइक के टकरा जाने से एक 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस भयानक दुर्घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और इलाके के ग्रामीणों में सड़क किनारे बेतरतीब खड़े भारी वाहनों को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, काचन गांव निवासी 30 वर्षीय राम सिंह पुत्र रामबरन पेशे से राजमिस्त्री का काम करता था। शुक्रवार को वह अपनी बहन के घर खजूरी गांव गया हुआ था और देर शाम अपनी बाइक से वापस अपने घर काचन लौट रहा था। जब उसकी बाइक किरबिल गांव में प्रधान के घर के सामने पहुंची, तो सड़क किनारे बिना किसी संकेतक के खराब हालत में खड़े एक भारी-भरकम ट्रेलर में पीछे से जोरदार तरीके से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि राम सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
Also Read: ‘प्रक्रिया में पारदर्शिता अनिवार्य, EC मनमानी नहीं कर सकता…’, SIR पर सुप्रीम कोर्ट सख्त
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पीआरवी पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से लहूलुहान हालत में राम सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. पल्लवी सिन्हा ने उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए जांच की और मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर एसआई बलजीत भारद्वाज भी मयफोर्स मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया है। इस अकाल और दर्दनाक मौत की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर अक्सर ट्रक, ट्रेलर और अन्य बड़े वाहन खराब होने के बाद मनमाने ढंग से सड़क किनारे ही छोड़ दिए जाते हैं। इन खड़े वाहनों पर रात के समय कोई भी रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेतक (रेडियम टेप या लाइट) नहीं लगाया जाता है, जिसके कारण कम रोशनी में ये दूर से दिखाई नहीं देते और पीछे से आने वाले वाहन चालकों के लिए मौत का जाल बन जाते हैं।









