UP: सहारनपुर में STF मेरठ का बड़ा एक्शन, हथियार तस्करी से जुड़े 3 आरोपी गिरफ्तार

UP: सहारनपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में एसटीएफ मेरठ की टीम ने हथियारों की कथित तस्करी से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों के पास से कई तरह के हथियारों के साथ 12 बोर के 425 कारतूस, एक तलवार, दो मोबाइल फोन और काले रंग की स्कॉर्पियो बरामद की है। कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

तड़के चार बजे एसटीएफ ने की कार्रवाई

यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ मेरठ बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में की गई। एसटीएफ टीम गुरुवार तड़के करीब चार बजे मिर्जापुर क्षेत्र में पहुंची और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना शुरू किया। इसी दौरान टीम ने तीन संदिग्धों को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी में हथियार और भारी मात्रा में कारतूस मिलने के बाद तीनों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।

Also Read: UP: हाथरस दोहरे हत्याकांड का 72 घंटे में खुलासा, दूसरी पत्नी समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

आरोपियों के पास से ये हथियार मिले

एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजम निवासी मोहल्ला पिलखनतला, चंडीगढ़ पैलेस, थाना मंडी, सहारनपुर, इकराम निवासी गांव बड़ी माहेश्वरी, थाना चिलकाना और दानिश निवासी कस्बा नकुड़, थाना नकुड़, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक पंप एक्शन 12 बोर, दो 12 बोर बंदूक, एक 315 बोर बंदूक, तीन एयर गन और एक 12 बोर तमंचा बरामद किया है। इसके अलावा 425 कारतूस, एक तलवार, दो मोबाइल फोन और स्कॉर्पियो भी जब्त की गई।

मोबाइल और संपर्कों की भी जांच

गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ आरोपियों से हथियारों के स्रोत और उनकी सप्लाई से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। बरामद मोबाइल फोन और सोशल मीडिया पर मौजूद संपर्कों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के पंजाब के कुछ लोगों और संगठनों से संपर्क होने की जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है। पड़ोसी देश से जुड़े कुछ संगठनों के संपर्क की बात भी जांच में सामने आने की सूचना है, हालांकि इन संपर्कों की वास्तविक भूमिका अभी जांच का विषय है।

ALSO READ: Amethi में व्यापारियों की स्कॉर्पियो पर फायरिंग मामले में बड़ा अपडेट, दो नामजद आरोपियों ने कोर्ट में किया सरेंडर

दूसरे राज्यों तक नेटवर्क फैला होने की जांच

एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार और कारतूस आरोपियों तक कहां से पहुंचे और इन्हें आगे किसे दिया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कथित सप्लाई नेटवर्क सहारनपुर तक सीमित है या इसके तार दूसरे राज्यों से भी जुड़े हैं। अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ, मोबाइल डेटा और हथियारों के स्रोत की जांच के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)