UP: 100 नहीं, 125 दिन का रोजगार! गांवों में बनने जा रहे मॉडल तालाब, किचन गार्डन और बाउंड्रीवाल, जानिए क्या है पूरा प्लान

रायबरेली: ​’विकसित भारत गारंटी फार रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण’ (वीबीजीरामजी) योजना के तहत जिले के सभी 18 विकास खंडों में विकास कार्यों को गति देने की तैयारी पूरी कर ली गई है. जिलाधिकारी के निर्देश पर चार प्रमुख कार्यों का एजेंडा जारी किया गया है. इसके तहत अब ग्रामीण क्षेत्रों में मॉडल तालाब, संकुल भवन, किचन गार्डन और स्कूलों में बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाएगा.

बदले स्वरूप में मिलेंगे नए लाभ

​1 जुलाई से मनरेगा का नाम बदलकर वीबीजीरामजी कर दिया गया है। नाम बदलने के साथ ही इसमें ग्रामीणों के हित में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. अब ग्रामीणों को वर्ष में 100 दिन के स्थान पर 125 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा. दैनिक मजदूरी दर ₹252 से बढ़ाकर ₹300 प्रतिदिन कर दी गई है. श्रमिकों को उनकी मजदूरी का भुगतान 7 से 15 दिनों के भीतर सीधे खाते में कर दिया जाएगा। फसलों की बोआई और कटाई के दौरान कृषि कार्यों को ध्यान में रखते हुए 60 दिनों तक कार्य स्थगित रहेंगे.

Also Read: UP: प्रेम विवाह के बाद युवती लापता, परिजनों ने पति पर हत्या कर शव गायब करने का लगाया आरोप

94 कार्यों का लक्ष्य, यह होंगी प्रमुख गतिविधियां

​जनपद भर में कुल 94 कार्यों का लक्ष्य तय किया गया है, जिन्हें सभी 18 विकास खंडों में समान रूप से लागू किया जाएगा. प्रत्येक विकास खंड में 5-5 मॉडल तालाबों का निर्माण/खुदाई कराई जाएगी. प्रत्येक ब्लॉक के 5-5 प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बाउंड्रीवाल का निर्माण होगा. मध्याह्न भोजन पकाने और वितरण में सुविधा के लिए 5-5 विद्यालयों में शेड बनाए जाएंगे. 5 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसरों में किचन गार्डन विकसित किए जाएंगे.

उपायुक्त (वीबीजीरामजी) पीएस चंद्रोल ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी 18 ब्लॉकों में काम प्रस्तावित किए गए हैं. बहुत जल्द धरातल पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा. सभी एपीओ को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित प्रारूप पर हर शनिवार को प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रेषित करें.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)