UP: परिजनों पर आए संकट से डिप्रेशन में थी 19 वर्षीय युवती, फंदे से झूलकर दी जान, गांव में मचा हड़कंप

इटावा: सैफई थाना क्षेत्र के केंशोपुर बेनी गांव में बुधवार को एक 19 वर्षीय युवती ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

मृतका की पहचान दिव्या पुत्री वीरपाल सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दिव्या पिछले कुछ समय से परिवार में चल रही परेशानियों को लेकर मानसिक तनाव में थी। परिजनों के मुताबिक, दिव्या की भावी भाभी अंजलि ने वर्ष 2025 में आत्महत्या कर ली थी। इसी मामले में न्यायालय में तारीख लगी थी। तारीख के सिलसिले में दिव्या के माता-पिता बुधवार को इटावा न्यायालय गए हुए थे। वहीं, परिवार का एक भाई जेल में बंद बताया जा रहा है।

Also Read: UP बीजेपी ने जारी की क्षेत्रीय व मोर्चा प्रभारियों की सूची, राम प्रताप सिंह चौहान को पश्चिमी यूपी की कमान, देखें पूरी लिस्ट

बताया गया कि माता-पिता की गैरमौजूदगी में दिव्या ने घर के कमरे में पंखे से फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। कुछ समय बाद परिजनों और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। युवती ने किन परिस्थितियों में यह खौफनाक कदम उठाया, इसकी पड़ताल की जा रही है। परिवार में पहले हुई आत्महत्या और भाई के जेल में होने समेत अन्य परिस्थितियों को भी जांच के दायरे में रखा जा रहा है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)