Jaunpur: उन्नाव जनपद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान के बीच विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के मंच से नीचे उतरकर चले जाने के कथित प्रकरण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह और शहर अध्यक्ष आरिफ खान के संयुक्त नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपा और सतीश महाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
प्रार्थना पत्र सौंपने के बाद जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रगान (National Anthem) देश की शान और सम्मान का प्रतीक है तथा इसके अपमान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग की कि वायरल वीडियो के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। शहर अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि राष्ट्रगान का अपमान देश के सम्मान से जुड़ा विषय है। उन्होंने भी मामले में एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
ALSO READ: UP: देवबंद में बिजली संकट पर संग्राम, सपा नेता और CO के बीच तीखी तकरार
खबर लिखे जाने तक कोतवाली जौनपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र पर एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी। कार्यकर्ता मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर कोतवाली परिसर में मौजूद रहे। इस दौरान संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा, लाल प्रकाश पाल, सभासद शहनवाज मंजूर, देवराज पांडेय, फैयाज हाशमी, इरशाद खान, कृष्णचंद निषाद, अरविंद यादव, चंद्रभान सिंह, वैश खान, इस्तेखारुल प्रधान, मुहम्मद ताहिर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



